तीन समरसेबल का शिलान्यास

कानपुर। गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट से जूझ रही जनता को राहत देने के उद्देश्य से विधायक सुरेंद्र मैथानी ने तीन नए समरसेबल पंपों का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इन समरसेबलों को डॉ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित करते हुए विधिवत पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्य का शुभारंभ किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम तात्या टोपे नगर और रविदास पुरम जैसे उन इलाकों में आयोजित किया गया, जहां लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई थी। विधायक ने सबसे पहले तात्या टोपे नगर में पवन सक्सेना के आवास के पास समरसेबल पंप का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर आभार व्यक्त किया। विधायक निधि से कुल 5.28 लाख रुपये की लागत से तीन स्थानों पर समरसेबल पंप लगाए जा रहे हैं। इनमें तात्या टोपे नगर में पवन सक्सेना के घर के पास, रविदास पुरम नई बस्ती में शैलेंद्र के घर के पास तथा रविदास पुरम बस्ती तिली मिल के समीप प्रत्येक स्थान पर 1.76 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है। इन समरसेबलों के लगने से क्षेत्र की सैकड़ों परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सुरेंद्र मैथानी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा ही मेरा परम संकल्प है। रविदास पुरम जैसी बस्तियों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। सेवा ही समर्पण के मार्ग पर चलते हुए मैं अपने क्षेत्र के हर नागरिक की समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।”
विधायक के इस प्रयास से स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब समरसेबल लगने से काफी राहत मिलेगी और दैनिक जीवन आसान होगा। कार्यक्रम में पार्षद वीरेंद्र चौहान, कल्लू मंत्री, डॉ. उदय वर्मा, अजय गुलवानी, संदीप श्रीवास्तव, मुस्कान, केएल कुशवाहा, अरुण, संगीता श्रीवास्तव, शोभा कुमारी, रिया कुमारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह का समापन जनसमूह के उत्साह और विकास कार्यों के प्रति विश्वास के साथ हुआ। यह पहल न केवल पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के प्रति जनप्रतिनिधि की सक्रियता का भी प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद