कानपुर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। वार्ड-61 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि वार्ड में तैनात 63 कर्मचारियों के सापेक्ष मौके पर मात्र 17 कर्मचारी ही उपस्थित मिले, जबकि 46 कर्मचारी नदारद पाए गए। नगर आयुक्त ने मस्टर रोल और फेस रीडिंग मशीन की जांच कराई, जिसमें भारी विसंगतियां उजागर हुईं। नियमित 13 में से 5, आउटसोर्स 21 में से 6 और संविदा व अन्य 29 में से मात्र 6 कर्मचारी ही मौके पर उपस्थित मिले।
इस लापरवाही पर नगर आयुक्त ने सफाई पर्यवेक्षक मनोज का एक दिन का वेतन काटने और अगले आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, संतोषजनक जवाब न मिलने पर जोनल स्वच्छता अधिकारी देवेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से जोन-4 से हटाकर मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया। डॉ. चंद्रशेखर को भी पर्यवेक्षणीय दायित्वों में शिथिलता के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने माता स्वरूप रानी मार्ग पर चल रहे सीएम ग्रिड परियोजना का भी निरीक्षण किया। करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सीवर और स्टॉर्म वॉटर लाइन का कार्य प्रगति पर पाया गया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि केस्को से समन्वय कर पोल शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए और अप्रैल अंत तक ‘आदर्श पैच’ हर हाल में तैयार किया जाए। एक भवन स्वामी की शिकायत पर फुटपाथ के कर्व स्टोन की डिजाइन बदलने के भी निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो। आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त ने रावतपुर स्थित रामलला मंदिर और शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष सफाई, चूना छिड़काव और पैच वर्क समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मंदिर समिति की शिकायत पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पर्व तक 24 घंटे आवारा पशु पकड़ने का अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंदिर के बाहर टूटी पटियाओं और खुली नालियों को तत्काल ढकने के निर्देश जोनल अभियंता को दिए।
शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर आयुक्त ने रावतपुर क्रॉसिंग स्थित सब्जी मंडी और गोल चौराहा फल मंडी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सब्जी विक्रेताओं से वार्ता कर मंडी को पीछे शिफ्ट कराया जाए और मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण रोकने के लिए रेलिंग लगाई जाए। गोल चौराहे पर भी फल विक्रेताओं को उनके निर्धारित स्थान पर ही बैठने की अनुमति होगी, अन्यथा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
46 कर्मचारी गायब, नगर आयुक्त सख्त