इलाज या लूट? 7 दिन में 4 लाख का बिल, अस्पताल में बवाल

कानपुर। महानगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित जेएस केयर अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर ओवर बिलिंग और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में तीमारदारों और स्टाफ के बीच तीखी झड़प, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे अन्य मरीजों में भी दहशत फैल गई।बताया जा रहा है कि मरीज को अस्पताल में भर्ती हुए करीब एक सप्ताह ही हुआ था, लेकिन प्रबंधन ने 4 लाख रुपये से अधिक का बिल थमा दिया। परिजनों का आरोप है कि सामान्य इलाज के बावजूद इतनी बड़ी रकम वसूलना सरासर लूट है। जब उन्होंने बिल का मदवार ब्यौरा मांगा तो अस्पताल प्रशासन ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्रता की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान अस्पताल संचालक और कर्मचारियों का व्यवहार आक्रामक हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर बाउंसरों और स्टाफ ने उन्हें धमकाया और जबरन बाहर निकालने की कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और अन्य मरीजों के तीमारदार भी मौके पर जमा हो गए और निजी अस्पतालों की मनमानी को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिना पर्याप्त मानकों के कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जो मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाकर मोटी रकम वसूलते हैं। इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और बिलिंग पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी गई है, और यदि लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई की मांग उठ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद