हर्षोल्लास के साथ सनातनी नव वर्ष शोभायात्रा निकाली गई

कानपुर। सनातन सेवा सत्संग एवं श्रीमद् भगवत गीता वैदिक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में सनातनी नव वर्ष के प्रचार-प्रसार हेतु बर्रा-2 स्थित संकट मोचन मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सायं 3 बजे से पीले और भगवा वस्त्रों में सजे स्त्री-पुरुष बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आलोक तिवारी व श्याम बाबू शुक्ला ने उपस्थित लोगों को तिलक लगाकर सम्मानित किया, जबकि आरके दुबे एवं राजेश दीक्षित कक्काजी ने प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य सुधीर भाई मिश्र ने कहा कि अंग्रेजों ने पराधीनता के कालखंड में अंग्रेजी नव वर्ष को बढ़ावा दिया, जबकि हमारा नव वर्ष प्रकृति के सौंदर्य और कृषि समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस समय खेतों में गेहूं की सुनहरी बालियां मन को आनंदित करती हैं और मौसम भी अत्यंत मनभावन होता है।
उन्होंने आगे सनातनी परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नव वर्ष प्रतिपदा के दिन प्रातः उठकर कलश स्थापना करें, परिवार के सभी सदस्यों को तिलक लगाएं, कलावा बांधें, खीर-पुआ का भोग लगाएं, घर में भगवा ध्वज फहराएं, रंगोली और बंदनवार सजाएं तथा शाम को दीप प्रज्वलित करें। सचिव अतुल अवस्थी एवं मीडिया प्रभारी आशीष दीक्षित ने लोगों से अपील की कि वे अपने रिश्तेदारों, मित्रों और पड़ोसियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं व्यक्तिगत रूप से एवं सोशल मीडिया के माध्यम से दें तथा उपहारों का आदान-प्रदान करें।
संस्था के उपाध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक अखिलेश शुक्ला ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी नव वर्ष को उत्साहपूर्वक मनाया और शोभायात्रा में झांकियों के माध्यम से सनातन चेतना का संदेश दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ सी.बी. त्रिपाठी ने झंडी दिखाकर किया।
यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो”, “गीता ग्रंथ महान है, भारत की पहचान है” और “जय गजानन, जय सनातन” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। नवयुवकों की टोली अमर मिश्रा के नेतृत्व में दुपहिया और चौपहिया वाहनों के साथ आगे चल रही थी, वहीं महिलाओं की टोली नीलम निगम के नेतृत्व में शामिल रही।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और यह यात्रा जेके मंदिर पहुंची, जहां डॉ. उमेश पालीवाल की अध्यक्षता में श्रीमद् भगवत गीता वैदिक न्यास द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सभी ने भाग लिया। यात्रा में जगदीश प्रसाद गुप्ता, शैलेंद्र दुबे, सुभाष मिश्रा, राजेंद्र अवस्थी, आरजी त्रिपाठी, छोटे तिवारी, संजीव मिश्रा, अशोक शास्त्री, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, अरुण कुमार मिश्रा, अजय पाल सिंह, सतीश चंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद