नवरात्रि शुरू, मंदिरों में उमड़ी भक्तो की भीड़

कानपुर। चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व गुरुवार, 19 मार्च 2026 से पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया। नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के पहले दिन भक्तों ने कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
तड़के सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। बिरहाना रोड स्थित प्रसिद्ध तपेश्वरी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मान्यता है कि यह प्राचीन मंदिर रामायण काल से जुड़ा हुआ है, जहां माता सीता द्वारा लव-कुश का मुंडन संस्कार कराया गया था। मंदिर परिसर में एक साथ तीन देवी स्वरूप विराजमान हैं, जिनके दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा बारादेवी मंदिर, जंगली देवी मंदिर और काली मठिया मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सभी मंदिरों को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और भव्य नजर आया।
वहीं तपेश्वरी मंदिर के पास स्थित वैभव लक्ष्मी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। यहां हर वर्ष ढाई किलो की अखंड ज्योति जलाने की परंपरा है। शुक्रवार को यहां ‘खजाना’ वितरण का विशेष आयोजन होता है, जिसे लेकर भक्तों में खासा उत्साह बना हुआ है।
नवरात्रि के पहले दिन शहरभर में पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया है। श्रद्धालु उपवास रखकर माता रानी की भक्ति में लीन हैं और नौ दिनों तक विभिन्न स्वरूपों की आराधना करेंगे।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सभी प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही शहर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद