त्योहारों से पहले गंदगी पर कांग्रेस का आक्रोश

कानपुर। शहर में आगामी त्योहारों के बीच फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर कानपुर महानगर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश जताया है। तिलक हाल में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में नेताओं ने कहा कि एक ओर जहां शहर ईद और नवरात्रि जैसे पवित्र पर्वों की तैयारियों में जुटा है, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर पड़े हैं, जिससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा है बल्कि संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम की लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता के चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को इस समस्या से अवगत कराने की कोशिश की गई, लेकिन अधिकारियों द्वारा फोन तक न उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह जनता के प्रति असंवेदनशील रवैये को दर्शाता है, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि शहर के सभी क्षेत्रों में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। कूड़ा उठान की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और मुख्य बाजारों व धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने की भी मांग उठाई गई, ताकि आमजन को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो कानपुर महानगर कांग्रेस जनता के साथ सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अंत में पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती आई है और आगे भी आमजन की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे वह मुंह नहीं मोड़ सकता।
बैठक में प्रमुख रूप से धर्मेंद्र सिंह, अमरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश द्विवेदी, शंकर दत्त मिश्रा, पदम मोहन मिश्रा, इकबाल अहमद, रितेश यादव, अरुण गुप्ता, अकील अहमद, अमिताभ दत्त मिश्रा, बृजभान राय, राम प्रकाश तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद