कानपुर। शहर की प्रमुख बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के निर्देश पर जोन-4 की टीम ने सुबह करीब 3 बजे जरीब चौकी से लेकर संगीत टॉकीज होते हुए पी. रोड और सीसामऊ बाजार तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपना सामान समेटते नजर आए।
जोनल अधिकारी (जोन-4) राजेश सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे पटरियों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन ठेलों और गुमटियों पर कार्रवाई की गई, जो ‘नो वेंडिंग जोन’ में लगाई गई थीं और लंबे समय से यातायात व पैदल चलने वालों के लिए परेशानी का कारण बन रही थीं।
नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान कई अवैध ढांचों को हटाते हुए बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया। अभियान में 5 ठेले, 2 गुमटियां और 3 टीन शेड हटाए गए। इसके अलावा दुकानों के बाहर रखे गए फर्नीचर पर भी कार्रवाई की गई, जिसमें 13 सोफा सेट, 4 काउंटर और लगभग 400 कुर्सी-मेज जब्त की गईं। वहीं अवैध प्रचार सामग्री पर भी सख्ती दिखाते हुए 35 बैनर और 3 अवैध होर्डिंग उतरवाए गए।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने मौके पर ही 3,000 रुपये का यूजर चार्ज (जुर्माना) भी वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में जोनल अधिकारी राजेश सिंह के साथ कर अधीक्षक अनूप श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक कमल सिंह, शेषधर विश्वकर्मा, अवधेश कुमार तिवारी तथा विज्ञापन विभाग की टीम मौजूद रही। साथ ही जोन-4 की ईटीएफ (Enforcement Task Force) टीम ने भी पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान को अंजाम दिया।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शहर की प्रमुख बाजारों को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि प्रत्येक जोन में मुख्य बाजारों में सप्ताह में कम से कम तीन बार नियमित अभियान चलाया जाए। अस्थायी अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सामान की जब्ती और भारी जुर्माना वसूला जाए तथा पटरियों और नालियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
नगर निगम के इस तड़के अभियान से बाजारों में साफ संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
भोर में निगम का हल्ला बोल, पी. रोड–सीसामऊ में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई