कानपुर। अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के उदासीन रवैये से नाराज सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनर्स ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का ऐलान कर दिया है। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर कानपुर नगर इकाई ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए 20 मार्च से प्रधानमंत्री को संबोधित अनवरत हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
नारामऊ स्थित एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया और सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। बैठक की अध्यक्षता अशोक कुमार मिश्रा ने की। प्रांतीय अध्यक्ष अमरनाथ यादव और महामंत्री ओपी त्रिपाठी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.एल. गुलाबिया ने कहा कि पेंशनर्स की कई महत्वपूर्ण और न्यायोचित मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पेंशनर्स को बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
बैठक में पेंशनर्स ने अपनी प्रमुख मांगों को दोहराते हुए कहा कि आठवें वेतनमान में पुराने पेंशनर्स को पूर्ण लाभ दिया जाए। कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ता (डीए/डीआर) का बकाया तत्काल जारी किया जाए। इसके अलावा रेलवे किराए में वरिष्ठ नागरिकों को पहले की तरह मिलने वाली छूट बहाल की जाए, पेंशन को आयकर से पूरी तरह मुक्त किया जाए और पेंशनर्स को कैशलेस इलाज की सुविधा प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।
वरिष्ठ अधिवक्ता आर.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में 20 मार्च से क्षेत्रवार हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान एक माह तक जारी रहेगा। इसके बाद 21 अप्रैल को पेंशनर्स द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी भाग लेंगे।
बैठक में बी.एल. गुलाबिया, अशोक कुमार मिश्रा, आर.पी. श्रीवास्तव एडवोकेट, रविन्द्र कुमार मधुर, दुर्गा प्रसाद अनुरागी, वी.एन. पाल, विजय बाल्मीकि, हीरालाल शर्मा, रमाकांत वर्मा, जयेंद्र कुमार पाण्डेय, श्रीमती ऊषा चौहान, स्नेहलता लाल, विनोद शर्मा, शाहनवाज खान, बेचे लाल कुशवाहा, सरदार इन्द्रजीत सिंह गिल, ओम नारायण, आंशिक हुसैन अंसारी, सुशील कुमार श्रीवास्तव और मनमोहन झा सहित सैकड़ों पेंशनर्स उपस्थित रहे।
मांगों को लेकर पेंशनर्स का आंदोलन, 20 मार्च से हस्ताक्षर अभियान