कानपुर। भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के लिए जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 172 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार तथा कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने किया।
जनगणना–2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी और पहली बार नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जनपद में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए लगभग 13 हजार से अधिक कार्मिकों की तैनाती की जाएगी।
जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित होगा, जबकि द्वितीय चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 172 फील्ड ट्रेनरों को कुल पांच बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लखनऊ से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया और तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, डाटा संकलन की विधि तथा सर्वेक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही भवन के उपयोग, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, स्वामित्व की स्थिति, पेयजल, विद्युत, शौचालय, खाना पकाने के ईंधन तथा घरों में उपलब्ध प्रमुख परिसंपत्तियों से संबंधित कुल 33 प्रकार के विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण सत्र में सहायक निदेशक जनगणना एवं जिला प्रभारी दिनेश कुमार यादव, सांख्यिकी अधिकारी एवं सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला, डायट लेक्चरर एवं मास्टर ट्रेनर राहुल यादव, अनूप पटेल, अजीजुर रहमान तथा सहायक अध्यापक एवं मास्टर ट्रेनर सौरव यादव द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद यही फील्ड ट्रेनर जनपद के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सबसे व्यापक और महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से आवास की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, शिक्षा, रोजगार और अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए जनगणना के प्रथम चरण के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जनगणना–2027 के लिए फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू