हैलट अस्पताल में तीमारदार की पिटाई, वीडियो वायरल

कानपुर। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल लाला लाजपत राय (हैलट) अस्पताल में उस समय हंगामा मच गया, जब अस्पताल कर्मचारियों ने एक तीमारदार की जमकर पिटाई कर दी। यह घटना प्रमुख अधीक्षक कार्यालय के बाहर हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक कार्यालय के बाहर किसी बात को लेकर मरीज के साथ आए तीमारदार और अस्पताल कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों ने तीमारदार के साथ मारपीट शुरू कर दी और लात-घूंसों से उसे पीटने लगे।
अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में अस्पताल का कर्मचारी तीमारदार के साथ मारपीट करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना उस स्थान के पास हुई, जहां अस्पताल के उच्चाधिकारियों का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद कर्मचारियों द्वारा इस तरह की हरकत किए जाने से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह पीड़ित को कर्मचारियों के चंगुल से छुड़ाया। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षाकर्मी समय रहते नहीं पहुंचते तो मामला और भी गंभीर हो सकता था।
बताया जा रहा है कि हैलट अस्पताल में तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। मरीजों की सेवा के लिए तैनात कर्मचारियों द्वारा इस तरह की घटनाएं अस्पताल की छवि को धूमिल कर रही हैं।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष में काफी आक्रोश है। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद