कानपुर:
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में गल्फ वॉर की स्थिति को देखते हुए पेट्रोल व एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों—अलविदा की नमाज, ईद, चैत्र रामनवमी और चेटीचंड जुलूस—को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा।
उन्होंने खुफिया इकाई और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखते हुए सूखे नशे की बिक्री पर कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि किसी थाना क्षेत्र में नशा बिकता मिला तो संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
समीक्षा में जन शिकायत निस्तारण में कल्याणपुर (55%), कोहना (66%) और रावतपुर (67%) का प्रदर्शन कमजोर पाया गया, जबकि मूलगंज, छावनी, सचेण्डी और नजीराबाद थानों के 90% से अधिक निस्तारण पर सराहना की गई।
कलक्टरगंज, नर्वल, चौबेपुर और चकेरी में हुई चोरी तथा ककवन की लूट का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराध रोकने के लिए प्रतिबिम्ब पोर्टल पर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कड़ी कार्रवाई और यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य व ई-सम्मन के अधिक उपयोग पर जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने सड़कों व वाहनों में शराब पीने वालों पर सख्ती, फायर सीजन में दमकल विभाग द्वारा जागरूकता अभियान तथा ई-रिक्शा व ऑटो के रूट निर्धारण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।
गल्प वॉर के बीच काला बाजारी रोकने व त्योहारों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त