कानपुर। रमजान-उल-मुबारक के पवित्र महीने में इबादत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने वाले आयोजनों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में फरीदपुर गांव स्थित बड़ी मस्जिद में वरिष्ठ समाजसेवी Zuber Khan की अगुवाई में भव्य रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों रोजेदारों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल पेश की।
इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग, गणमान्य नागरिक और युवा शामिल हुए। सूर्यास्त होते ही सभी ने एक साथ दस्तरख्वान पर बैठकर रोजा खोला। खजूर, फल, शरबत और पारंपरिक व्यंजनों के साथ रोजेदारों ने इफ्तार किया। इसके बाद मस्जिद में मगरीब की नमाज अदा की गई, जिसमें मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई।कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम और सौहार्द को बढ़ाने का काम करते हैं। इफ्तार में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर रमजान की मुबारकबाद दी और समाज में एकता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर समाजसेवी जुबेर खान ने कहा कि उनकी टीम का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना भी है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी ईद के मौके पर जरूरतमंद और गरीब परिवारों को ‘ईद किट’ वितरित की जाएगी। इसके लिए टीम द्वारा ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके पास त्योहार मनाने के लिए पर्याप्त साधन नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि ईद किट के माध्यम से राशन और आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी परिवार आर्थिक तंगी के कारण ईद की खुशियों से वंचित न रह जाए। जुबेर खान ने कहा कि इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ी इबादत है और उनकी टीम इसी भावना के साथ लगातार सामाजिक कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज में मजहबी और सामाजिक दीवारों को खत्म कर आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी जरूरतमंद व्यक्ति ईद के मौके पर सहायता चाहता है, वह उनसे या उनकी टीम से सीधे संपर्क कर सकता है और हर संभव मदद की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में जुबेर खान की टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य रूप से हसीब खान, राजू शाह, आरिफ खान, कायम अली, फैजान अहमद, जुनैद खान, अरबाज खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर देश में शांति, तरक्की और भाईचारे की दुआ की।
फरीदपुर में भव्य रोजा इफ्तार