कानपुर। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट ने उत्तर प्रदेश में नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री संदर्भ एवं आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) की फरवरी 2026 की मासिक रैंकिंग में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि जनवरी माह की रैंकिंग में कानपुर कमिश्नरेट 62वें स्थान पर था। एक महीने के भीतर ही शिकायत निस्तारण की व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए कमिश्नरेट ने सीधे शीर्ष स्थान हासिल कर मिसाल पेश की है।
दरअसल जनवरी माह में रैंकिंग खराब आने के बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने इसे गंभीरता से लिया था। उन्होंने सभी जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आईजीआरएस और मुख्यमंत्री संदर्भ से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किया जाए। इसके बाद सभी थानों और संबंधित अधिकारियों को सक्रिय किया गया और शिकायतों की नियमित समीक्षा शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त की लगातार मॉनिटरिंग और अधिकारियों की फील्ड स्तर पर सक्रियता का ही परिणाम रहा कि कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले सभी 52 थानों ने प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया। न केवल शिकायतों का निस्तारण किया गया बल्कि आवेदकों से सीधे संपर्क कर उनकी संतुष्टि का भी फीडबैक लिया गया।
फरवरी माह की आईजीआरएस रिपोर्ट के अनुसार कानपुर पुलिस कमिश्नरेट का प्रदर्शन कई मानकों पर उत्कृष्ट रहा। शिकायतों के निस्तारण के बाद आवेदकों से प्राप्त फीडबैक में 92.75 प्रतिशत लोग पूरी तरह संतुष्ट पाए गए, जिसके आधार पर विभाग को 30 में से पूरे 30 अंक प्राप्त हुए। वहीं आवेदकों से संपर्क स्थापित करने के मामले में भी कमिश्नरेट ने 96.26 प्रतिशत का प्रभावशाली स्कोर हासिल किया और इस श्रेणी में भी 10 में से पूरे 10 अंक प्राप्त किए। इसके साथ ही शिकायतों को लंबित न रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिससे प्रदेश स्तर पर कानपुर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने की घोषणा की है। वरिष्ठ अधिकारियों में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संकल्प शर्मा, डीसीपी मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी, एसीपी अमरनाथ और एसीपी कानून व्यवस्था रंजीत कुमार को पुलिस आयुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा आईजीआरएस टीम में विशेष योगदान देने वाले आईजीआरएस प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र और चारों जोन के प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र के साथ कैश रिवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। थाना स्तर पर भी बेहतर कार्य करने वाले सभी 52 थानों के आईजीआरएस से जुड़े कर्मचारियों को उनके संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्त द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
आईजीआरएस सेल के प्रभावी संचालन में कांस्टेबल रवि बाथम, चंदन सिंह, विवेक कुमार, राहुल सिंह और महिला कांस्टेबल प्रीति की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। वहीं फीडबैक सेल में उपनिरीक्षक फूलचंद्र शुक्ला के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल नीरू देवी, कांस्टेबल जयंत चौधरी और विर्जुन ने आवेदकों से संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने में अहम योगदान दिया।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने कहा कि जनसुनवाई और आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से करना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ कमिश्नरेट लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार की पारदर्शिता और गुणवत्ता को बनाए रखते हुए शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा, ताकि जनता का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे इसी तरह समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कानपुर पुलिस की इस उपलब्धि को आगे भी बरकरार रखें।
आईजीआरएस रैंकिंग में कानपुर पुलिस अव्वल