मुठभेड़ में शराब सेल्समैन हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में 25 फरवरी को देशी शराब ठेके के सेल्समैन उदय सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
घटना 25 फरवरी की है, जब भवानीपुर स्थित देशी शराब के ठेके पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने सेल्समैन उदय सिंह के साथ मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उदय सिंह की मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव था।
मामले के खुलासे के लिए एसीपी घाटमपुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। इसी क्रम में बिधनू थाना पुलिस बिधनू–सचेंडी मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक वहां से गुजर रहा था। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी की पहचान फतेहपुर निवासी छोटू उर्फ निसार के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि छोटू उर्फ निसार शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ फतेहपुर तथा आसपास के जिलों में लूट और चोरी के छह से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान इस हत्याकांड में शामिल उसके दो अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद