कानपुर। गंगा बैराज कानपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर 30 के पास एक विशाल मगरमच्छ पानी के किनारे दिखाई दिया। अचानक मगरमच्छ के दिखने से वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय मगरमच्छ गंगा बैराज के पास पानी की सतह पर तैरता हुआ और किनारे के आसपास घूमता नजर आया। जैसे ही लोगों की नजर उस पर पड़ी, वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए जमा हो गए। हालांकि डर के कारण कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं कर सका।
गंगा बैराज शहरवासियों के लिए घूमने-फिरने और सैर का प्रमुख स्थान माना जाता है। मगरमच्छ दिखने की खबर के बाद यहां आने वाले लोगों में भय का माहौल है और कई लोग गंगा किनारे जाने से बच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मगरमच्छ को नहीं पकड़ा गया, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रीय निवासियों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने अपील की है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करे और उसे किसी सुरक्षित स्थान या एलन फॉरेस्ट जू कानपुर में भेजा जाए, ताकि बैराज क्षेत्र में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। फिलहाल मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण इलाके में सतर्कता बढ़ गई है और स्थानीय लोग एक-दूसरे को गंगा किनारे जाने से बचने की सलाह दे रहे हैं।
गंगा बैराज पर मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप