होली से पहले नगर आयुक्त ने कसी कमर, लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई

कानपुर। होली के आगामी त्योहार को देखते हुए शहर की सफाई, सड़क और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय शुक्रवार को खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने जोन-1 के अंतर्गत हटिया, बादशाहीनाका, कोपरगंज, तलवा मंडी और लक्ष्मीपुरवा सहित कई इलाकों का सघन निरीक्षण कर विकास कार्यों की गुणवत्ता परखी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले ऐतिहासिक हटिया (रज्जन बाबू पार्क) का निरीक्षण किया। यहां मुख्य अभियंता ने बताया कि ₹6.18 लाख की लागत से फर्श, शेड और गलीपिट का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि गेट का काम अंतिम चरण में है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि होली मेला शुरू होने से पहले हर हाल में शेष कार्य पूर्ण किया जाए। पार्क में स्थित प्राचीन कुएं के सूखने पर उन्होंने जोनल अभियंता को सौंदर्यीकरण और जल पुनर्भरण की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कोपरगंज से तलवा मंडी तक ₹40.50 लाख की लागत से बनी नई सीसी रोड के निरीक्षण के दौरान दो स्थानों पर मैनहोल के पास कच्चा निर्माण और नालियों में भारी गंदगी पाई गई। नालियों की सफाई में शिथिलता पर जोनल स्वच्छता अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं तलवा मंडी चौराहे पर जल निकासी के लिए खोदे गए गड्ढे को असुरक्षित छोड़ने पर जोनल अभियंता आर.के. तिवारी को नोटिस देते हुए शाम तक बैरिकेडिंग कर जियोटैग फोटो भेजने के निर्देश दिए गए।
लक्ष्मीपुरवा वार्ड-1 में ₹29 लाख के सड़क सुधार कार्य की जांच के दौरान ढलाई की मोटाई 12 सेमी मानक के अनुरूप पाई गई, लेकिन सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त मिली। कई दिनों से झाड़ू न लगने और कूड़ा न उठने पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए सफाई निरीक्षक विपिन कुमार को नोटिस जारी किया और सफाई पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) विकास कुमार का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त सार्वजनिक शौचालय को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने की कार्ययोजना तलब की गई।
अपने भ्रमण के दौरान नगर आयुक्त ने जरीब चौकी, फजलगंज, मरियमपुर, लाजपत नगर, कानपुर मेडिकल सेंटर और एलएलआर अस्पताल (हैलट) क्षेत्र का भी जायजा लिया। निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता जैदी, जोनल अधिकारी विद्यासागर, जोनल स्वच्छता अधिकारी अमित कुमार, क्षेत्रीय पार्षद अमित गुप्ता, हटिया गंगा मेला अध्यक्ष ज्ञानेंद्र विश्नोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद