होली से पहले तपने लगी धरती, कानपुर बना यूपी का सबसे गर्म शहर

:
लखनऊ से आगरा तक बढ़ी गर्मी, फरवरी में ही 30 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, फसलों पर मंडराया खतरा
कानपुर। होली के रंगों से पहले ही उत्तर प्रदेश में गर्मी की तपिश महसूस होने लगी है। कुछ दिन पहले हुई हल्की बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ली है और प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। बीते दो दिनों में अधिकतम तापमान के मामले में कानपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बनकर उभरा है। सोमवार को कानपुर में इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगभग 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दर्ज तापमान सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक रहा, जो सर्दी के मौसम में अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस था, वहीं सोमवार को भी यह लगभग उसी स्तर पर बना रहा, जिससे दिन के समय गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।
सुबह हल्की ठंडक, दोपहर में तीखी धूप
मौसम विभाग के मुताबिक 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में सुबह के समय हल्की गुलाबी ठंडक महसूस की गई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तेज धूप ने गर्मी का असर बढ़ा दिया। लखनऊ, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत प्रदेश के लगभग सभी जिलों में दिन के समय तेज धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की गई।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा पारा
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने चेतावनी देते हुए बताया कि यदि फरवरी महीने में तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उनके अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
रबी की फसलों पर संकट
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान में अचानक हो रही वृद्धि का सीधा असर कृषि उत्पादन पर पड़ सकता है। गर्मी बढ़ने से रबी की फसलों में फोर्स मैच्योरिटी की स्थिति बनने लगी है, जिसमें फसल समय से पहले पकने लगती है। इससे दाना पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता और उत्पादन में गिरावट की आशंका बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही हालात बने रहे तो गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी
हालांकि अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ा है, लेकिन न्यूनतम तापमान में केवल मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। कानपुर में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री से बढ़कर 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अभी भी सामान्य से करीब 2.4 डिग्री कम है। प्रदेश में सबसे कम रात का तापमान अयोध्या में 10.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं फतेहपुर में 11.2 और बाराबंकी में 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके बाद कानपुर नगर, गोरखपुर और फुरसतगंज में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बढ़ते तापमान के साथ नमी का प्रतिशत भी धीरे-धीरे कम होने लगा है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और किसानों को फसलों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद