कानपुर। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रदेश भर में लागू ओटीटी (एकमुश्त कर) व्यवस्था के अंतर्गत वाहन स्वामियों, डीलरों एवं ट्रांसपोर्टरों को जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा परिवहन मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कानपुर स्थित सारथी भवन में परिवहन मेला आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 250 से अधिक वाहन स्वामियों, डीलरों एवं ट्रांसपोर्ट संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
गोष्ठी के दौरान एआरटीओ आकांक्षा सिंह एवं आरआई संतोष कुमार ने उपस्थित लोगों को एकमुश्त कर योजना से संबंधित नियमों, कर निर्धारण की प्रक्रिया, कर गणना, भुगतान की विधि तथा समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ओटीटी योजना का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों को बार-बार कर भुगतान की प्रक्रिया से राहत देना तथा कर प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाना है।
परिवहन मेले में वाहन स्वामियों द्वारा रखी गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और मौके पर ही समाधान किया गया। अधिकारियों के अनुसार, कुल 81 वाहन स्वामियों की शंकाओं एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। इसके साथ ही 6 वाहन स्वामियों को एकमुश्त कर योजना का प्रत्यक्ष लाभ देते हुए उनका टैक्स जमा कराया गया, जिससे कुल 4.67 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह, एआरटीओ विध्यांचल प्रसाद गुप्ता, पीटीओ डी.के. सिंह, दीपक सिंह सहित विभिन्न वाहन डीलर, ट्रक एवं बस एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि इस तरह के परिवहन मेलों से न केवल राजस्व में वृद्धि होती है, बल्कि वाहन स्वामियों को विभागीय प्रक्रियाओं की सही जानकारी मिलती है और उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर संभव हो पाता है।
अंत में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं परिवहन मेले आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक वाहन स्वामी एकमुश्त कर योजना का लाभ उठा सकें और परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जा सके।
परिवहन मेले में 81 समस्याओं का समाधान, 4.67 लाख का राजस्व