कानपुर। कलेक्ट्रेट का जनदर्शन कक्ष शुक्रवार को भावनात्मक और आत्मीय क्षणों का साक्षी बना, जब स्वामी विवेकानंद विद्यालय, लोधर मंधना के छात्र-छात्राएं मुस्कानें और गुलाब लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मिलने पहुंचे। बच्चे उस वादे के लिए धन्यवाद देने आए थे, जिसे कुछ सप्ताह पहले जिलाधिकारी ने किया था और निभाया भी।
कक्षा पांच की अर्पिता, कक्षा छह के अनुराग, कक्षा तीन की दिव्या और कक्षा पांच की आरशी ने आगे बढ़कर “डीएम अंकल” को गुलाब भेंट किया। बच्चों की सहज मुस्कान और उत्साह ने औपचारिक माहौल को पल भर में अपनत्व से भर दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत करते हुए उनके भ्रमण के अनुभव पूछे—कौन-कौन से झूले झूले, भारत दर्शन देखा या नहीं, डायनासोर कैसा लगा—जिस पर बच्चे उत्साहपूर्वक अपने-अपने अनुभव साझा करते रहे।
दरअसल 13 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी विद्यालय में आयोजित विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान मेले के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान बच्चों ने ब्लू वर्ल्ड घूमने की इच्छा जताई थी। यह अनुरोध केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहा और 13 फरवरी को विद्यालय के 120 छात्र-छात्राओं को भ्रमण पर भेजा गया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर बच्चों ने न सिर्फ धन्यवाद कहा, बल्कि यह भी बताया कि वह दिन उनके लिए अविस्मरणीय रहा। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच यह मुलाकात अलग ही संदेश दे गई, जहां फाइलों की जगह फूल थे और औपचारिकताओं की जगह बच्चों का उत्साह और भरोसा नजर आया।
गुलाब लेकर डीएम से मिले बच्चे