कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गार्डन विला, केशवपुरम में संपन्न हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर, दीप प्रज्वलन तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ताओं के समग्र विकास को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यशाला की प्रस्तावना रखते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की रीढ़ होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है और समय-समय पर वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण से ही संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है। उन्होंने सभी मंडलों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण महाअभियान को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि संगठन बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बन सके।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने प्रशिक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग में 137 राजनीतिक दल पंजीकृत हैं, जिनमें से केवल 6 दल राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त हैं, लेकिन इन सभी में भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा दल है जो अपने कार्यकर्ताओं को नियमित, योजनाबद्ध और विचारनिष्ठ प्रशिक्षण प्रदान करता है। यही कारण है कि भाजपा का संगठन अन्य दलों की तुलना में अधिक अनुशासित, संगठित और जनता से जुड़ा हुआ है।
देवेश कोरी ने कहा कि 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा ने अनुशासन, विचार और राष्ट्रसेवा के पथ पर चलते हुए जनता के बीच अपनी एक विश्वसनीय और मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज कई विपक्षी दलों का आचरण असंतुलित इसलिए दिखाई देता है, क्योंकि उन्होंने कभी अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण देने की परंपरा विकसित नहीं की। भाजपा का कार्यकर्ता विचार, व्यवहार और संगठन—तीनों स्तरों पर प्रशिक्षित, प्रतिबद्ध और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित होता है।
समापन सत्र में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि प्रशिक्षण महाअभियान के प्रथम चरण में मंडल स्तर पर 7 मार्च से 13 अप्रैल तक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कर उन्हें पूर्ण किया जाएगा। इन प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण महाअभियान के संयोजक के रूप में जिला महामंत्री संतोष शुक्ला को दायित्व सौंपा गया है, जबकि सह संयोजक के रूप में जितेंद्र विश्वकर्मा, आशा पाल एवं सत्यम गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यशाला में विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, विधायक नीलिमा कटियार, राकेश सोनकर, आनंद राजपाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, दिनेश राय, दिवाकर मिश्रा, सतेंद्र मिश्रा, अवधेश सोनकर, आनंद मिश्रा, उमेश निगम, श्रीकृष्ण दीक्षित, राजेश भदौरिया, संजीव पाठक, जन्मेजय सिंह, पूनम कपूर, प्रमोद त्रिपाठी, शिवांग मिश्रा, अभिनव दीक्षित, सीमा एमबीए, पारस मदान, प्रमोद विश्वकर्मा, सुनील जायसवाल, लालू गंगवानी, रमिंदर सिंह, रोहित साहू, सुनीता गौड़, किरण तिवारी, विधि राजपाल, अनुप्रिया दोषी, चंद्रमणि चौबे, अमित बॉथम, नवाब सिंह, गौरव पांडे, गौरव द्विवेदी, योगेश पांडे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को और अधिक सुदृढ़, अनुशासित एवं विचारनिष्ठ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम सिद्ध होगा, जिससे भाजपा की संगठनात्मक शक्ति को नई मजबूती मिलेगी।