एचबीटीयू के फाइनल ईयर छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
आजाद नगर में किराए के कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (HBTU) के फाइनल ईयर के छात्र का शव किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान अभिषेक यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एचबीटीयू के पेंट टेक्नोलॉजी विभाग में फाइनल ईयर का छात्र था। अभिषेक मूल रूप से घाटमपुर क्षेत्र का रहने वाला था और पढ़ाई के सिलसिले में आजाद नगर स्थित गणेश अपार्टमेंट के सामने एक किराए के मकान में रह रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को देर तक कमरे से कोई गतिविधि न होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे घाटमपुर से कानपुर के लिए रवाना हो गए। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कमरे की तलाशी ली गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और अभिषेक के सहपाठियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस छात्र के मोबाइल कॉल डिटेल्स और हालिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है।