कानपुर। कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार मतदान पूरी तरह हाईटेक व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जा रहा है। तय समय से करीब एक घंटे की देरी से मतदान शुरू हुआ, लेकिन इसके बाद अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान शुरू होते ही कॉलेज के मुख्य गेट से लेकर बाहर तक अधिवक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं।
मतदान प्रक्रिया की शुरुआत प्रत्याशियों के सामने मतपेटियों को सील करने के साथ हुई। इसके बाद सबसे पहले प्रत्याशियों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एल्डर्स कमेटी के सदस्य मुख्य गेट पर तैनात रहे, जहां मतदाताओं के सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस) कार्ड और प्रमाणपत्रों की सख्त जांच के बाद ही उन्हें मतदान परिसर में प्रवेश दिया गया।
चुनाव में अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए कुल 94 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि कुल 7198 अधिवक्ता मतदाता अपने वोट के जरिए उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। दोपहर तीन बजे तक 5658 अधिवक्ता मतदान कर चुके थे, जो कुल मतदाताओं का लगभग 75 प्रतिशत बताया गया। मतदान प्रतिशत को देखते हुए चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग की संभावना जताई जा रही है।
मतदान के लिए कुल 16 बूथ बनाए गए हैं, जहां क्यूआर कोड स्लिप और सीओपी कार्ड के आधार पर ही वोट डालने की अनुमति दी जा रही है। मोबाइल फोन को मतदान परिसर में ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पूरी व्यवस्था हाईटेक रखी गई है।
चुनाव व्यवस्था संभालने के लिए 60 सेवानिवृत्त फौजी, 35 कर्मचारी और एल्डर्स कमेटी के 20 अधिवक्ता तैनात किए गए हैं। वहीं सुरक्षा के लिहाज से करीब 600 पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरी चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशी समर्थकों की नारेबाजी से माहौल गरमाया हुआ है, हालांकि प्रशासन और एल्डर्स कमेटी की सतर्कता के चलते चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ता नजर आ रहा है। अधिवक्ताओं में भी अपने संगठन के नेतृत्व को चुनने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
हाईटेक व्यवस्था के बीच बार एसोसिएशन चुनाव, मतदान एक घंटे देरी से शुरू