मनीष गुप्ता
कानपुर— विश्व के अनेक देशों में आध्यात्मिक चेतना और आत्मिक जागरण के लिए कार्यरत सहज योग ट्रस्ट की कानपुर परिक्षेत्र इकाई द्वारा शहर में तीन दिवसीय भव्य सहज योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 13 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक रेस कोर्स मैदान, तौधकपुर रोड, नौबस्ता, कानपुर नगर में संपन्न होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सहज योग के माध्यम से आत्मसाक्षात्कार, ध्यान विधि, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना है। इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आए सहज योगी भी सहभागिता करेंगे, जिससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्राप्त होगा। महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी (शुक्रवार) को सायं 4:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ होगी, जिसमें भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीत और आध्यात्मिक प्रस्तुतियां वातावरण को भक्तिमय बना देंगी तथा उपस्थित साधकों को आंतरिक शांति का अनुभव कराएंगी।
दूसरे दिन 14 फरवरी (शनिवार) को प्रातः 9:00 बजे से मेडिकल विषय पर एक विशेष और गहन सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें सहज योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही यह भी बताया जाएगा कि किस प्रकार सहज योग ध्यान पद्धति से मानसिक उन्नति, तनाव मुक्ति और संतुलित जीवन संभव है। इस सत्र में पुणे (महाराष्ट्र) से आए प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. मधुर राय जी एवं डॉ. संदीप राय जी विशेष रूप से शाम के सत्र में उपस्थित रहकर साधकों और आम नागरिकों का मार्गदर्शन करेंगे। इसी दिन बाल कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों को सजीव रूप में प्रस्तुत करेंगी। सायंकाल पुनः भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। महोत्सव का आध्यात्मिक समापन 15 फरवरी (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे राष्ट्रीय महाशिवरात्रि पूजन के साथ होगा। महाशिवरात्रि पूजन के माध्यम से संपूर्ण आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा, साधना और भक्तिभाव के साथ पूर्णता को प्राप्त करेगा। आयोजकों का मानना है कि यह पूजन साधकों के लिए आत्मिक जागरण और आंतरिक शांति का विशेष अवसर सिद्ध होगा।इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में आर. के. कमल, सुधीर कुमार एवं शरद साह उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा मीडिया के समक्ष रखी। आयोजकों ने कानपुर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि सहज योग के माध्यम से आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलित जीवन का अनुभव प्रत्येक व्यक्ति कर सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह तीन दिवसीय महोत्सव कानपुर में आध्यात्मिक चेतना की एक नई लहर प्रवाहित करेगा।