कानपुर। अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने एक बार फिर सख्त रुख दिखाते हुए मौजा अहिरवा में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के आदेश एवं सचिव के निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर करीब 30 बीघा क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रवर्तन दल ने दो अलग-अलग चिन्हित स्थलों पर कार्रवाई करते हुए आराजी संख्या 1671, 1672, 1707, 1715, 1716, 1717, 1720, 1721, 1722, 1727 पर फैली लगभग 20 बीघा जमीन पर बने अवैध निर्माण और बाउंड्री वॉल को गिरा दिया, वहीं आराजी संख्या 1563, 1567 एवं 1568 के अंतर्गत आने वाली लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों को भी जमींदोज किया गया। यह अभियान प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन (जोन-4) अतुल कुमार राय के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, सुपरवाइजर एवं प्रवर्तन दल की भारी मौजूदगी रही। किसी भी विरोध की आशंका को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहा, जिससे अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, खंभे और कार्यालय सुचारू रूप से हटाए जा सके। KDA अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि भविष्य में भी अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि कोई भी भूखंड या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी KDA से स्वीकृति अवश्य जांच लें, क्योंकि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए गए हर निर्माण को अवैध मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
KDA का हंटर चला: अहिरवा में 30 बीघा अवैध प्लाटिंग जमींदोज, बुलडोजर से मची हड़कंप