कानपुर। बिठूर स्थित रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज में सत्र 2025–26 के कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भावपूर्ण, गरिमामय एवं भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उल्लास, उत्साह और भावनाओं से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह की शुरुआत कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर विद्यार्थियों का पारंपरिक तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा एवं तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भव्य स्वागत के साथ की गई। इस आत्मीय स्वागत से कक्षा 12 के विद्यार्थियों के चेहरे पर गर्व और भावुकता साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रोहित मिश्रा एवं प्रधानाचार्या सपना सिंह ने मंच से विद्यार्थियों को उपहार, स्मृति-चिह्न एवं डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणादायक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग कार्यक्रम, मनोरंजक खेल, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ और शानदार रैंप वॉक समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए माहौल को जीवंत बना दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के उपरांत ‘मिस रॉयल’ का खिताब शीटल को तथा ‘मिस्टर रॉयल’ का खिताब शातंक को प्रदान किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने जोरदार तालियों से सराहा। कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर्स को विभिन्न टाइटल और उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे सीनियर-जूनियर के बीच आत्मीय संबंध और अधिक मजबूत होते दिखाई दिए। यह पल सभी के लिए भावुक और अविस्मरणीय रहा।
कार्यक्रम का एक विशेष और यादगार आकर्षण शिक्षिकाओं दीपाली, वाणी, रचना, सोनी, नीतू एवं ममता मैम का विद्यार्थियों के साथ मंच पर नृत्य प्रदर्शन रहा। शिक्षिकाओं की इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि शिक्षक केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वे अपने विद्यार्थियों के लिए जीवनभर मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और सहयोगी बने रहते हैं।
अपने संबोधन में चेयरमैन रोहित मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी ही किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने संस्कार, अनुशासन और परिश्रम से विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता रहेगा।
प्रधानाचार्या सपना सिंह ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि यह विदाई किसी अंत का संकेत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के नए जीवन की एक सशक्त शुरुआत है। विद्यालय में सीखे गए मूल्य, अनुशासन और नैतिकता उन्हें जीवन के हर पड़ाव पर सफलता दिलाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे जहाँ भी रहें, अपने विद्यालय को गर्व का अनुभव कराएँ।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन कक्षा 11 के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकगण दीपक, अमित, अशोक, बीनू एवं निखिल सर के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके समर्पण, मेहनत और समन्वय से यह विदाई समारोह अत्यंत सफल, भावुक और लंबे समय तक याद रहने वाला बन गया।