नई दिल्ली/कानपुर—कानपुर और आसपास के जिलों के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत दिलाने की दिशा में गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अहम पहल की है। विधायक ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कानपुर से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के लिए वाया फर्रुखाबाद सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।लोकसभा परिसर स्थित रेल मंत्री के कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि कानपुर एक प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक कारणों से हरिद्वार और देहरादून की यात्रा करते हैं। विशेष रूप से अस्थि विसर्जन, धार्मिक संस्कार, चारधाम यात्रा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए उत्तराखंड जाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।विधायक ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में कानपुर से देहरादून के लिए केवल एक ‘लिंक एक्सप्रेस’ उपलब्ध है, जो अलीगढ़ और मुरादाबाद जैसे लंबे मार्ग से होकर गुजरती है। इस कारण यात्रियों को 14 से 15 घंटे का लंबा और थकाऊ सफर करना पड़ता है। कई बार यात्रियों को मजबूरी में लखनऊ या दिल्ली होकर जाना पड़ता है, जिससे समय, धन और संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी होती है।
तकनीकी पक्ष को सामने रखते हुए विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि रेलवे के पास पहले से ही एक छोटा और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध है, जो कानपुर से बिल्हौर, कन्नौज, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर होते हुए उत्तराखंड की ओर जाता है। यदि इस शॉर्ट रूट का उपयोग कर सीधी ट्रेन चलाई जाए, तो कानपुर से देहरादून की दूरी मात्र 8 से 9 घंटे में पूरी की जा सकती है। इससे यात्रियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी अधिक सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगी।
इस प्रस्तावित रेल सेवा से कानपुर नगर और कानपुर देहात के साथ-साथ बिल्हौर, कन्नौज, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जैसे जिलों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों के यात्रियों को पहली बार देहरादून के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अपनी मांग पत्र की एक प्रति कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी को भी सौंपी और उनसे इस जनहितकारी मुद्दे पर सहयोग का आग्रह किया।
विधायक की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आश्वासन दिया कि रेल मंत्रालय इस प्रस्ताव पर विस्तार से विचार करेगा। उन्होंने कहा कि वाया फर्रुखाबाद शॉर्ट रूट की तकनीकी और व्यावहारिक उपयोगिता की जांच कराई जाएगी और जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।मुलाकात के बाद विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि “यह रेल सेवा केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि कानपुर और आसपास के जिलों के लोगों के लिए जीवन रेखा साबित होगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए उत्तराखंड जाने वाले युवाओं, विद्यार्थियों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।”