कानपुर— चकेरी औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए। हरजिंदर नगर स्थित अवस्थी नर्सिंग होम के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक महिला को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया और उनके गले से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया।
सनिगवां क्षेत्र के गणेशपुर की रहने वाली रेखा राजपूत शनिवार सुबह अपने देवर अभिषेक राजपूत के साथ कचहरी गई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे जब दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए स्कूटी सवार दो युवकों ने अवस्थी नर्सिंग होम के पास उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रेखा राजपूत सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई।
महिला के गिरते ही बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार में फरार हो गए। इस घटना में रेखा के देवर अभिषेक राजपूत को भी मामूली चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश मौके से भाग निकले। पीड़िता रेखा राजपूत ने बताया कि उनके पति रणविजय की वर्ष 2018 में हत्या कर दी गई थी। वह उसी मामले की तारीख पर शनिवार को कचहरी गई थीं। लौटते समय उनके साथ यह वारदात हो गई, जिससे वह मानसिक रूप से भी काफी आहत हैं।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और चकेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और प्राथमिक उपचार के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। चकेरी थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।