कानपुर।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ स्टाफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच बने गैप में गिरने लगी, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने साहस दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
घटना दिनांक 05 फरवरी 2026 की है। गाड़ी संख्या 20802 प्लेटफार्म नंबर 05 से जैसे ही रवाना हुई, उसी दौरान एक महिला यात्री चलती गाड़ी में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। चढ़ने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर ट्रेन तथा प्लेटफार्म के बीच के खतरनाक गैप में गिरने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्लेटफार्म नंबर 05 पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ स्टाफ कांस्टेबल विनोद कुमार यादव ने बिना देर किए दौड़कर महिला यात्री का हाथ पकड़ा और पूरी तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद महिला यात्री को सुरक्षित आरपीएफ थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। महिला ने अपना नाम अनवर जहां, पत्नी स्वर्गीय इकबाल कुरैशी, उम्र लगभग 56 वर्ष, निवासी मकान नंबर 44/68, मिश्री बाजार, मेस्टन रोड, थाना मूलगंज, जिला कानपुर नगर बताया। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपने पुत्र के साथ यात्रा कर रही थीं और उन्हें पटना जाना था। उनके पास कानपुर सेंट्रल से पटना जंक्शन (PNBE) का वैध रेल टिकट संख्या UCA 99206510 था।
महिला यात्री के पुत्र आमीर (मोबाइल नंबर 6307754608) ने भी आरपीएफ स्टाफ की बहादुरी और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते सहायता न मिली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मां-बेटे दोनों ने आरपीएफ कर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि रेलवे प्लेटफार्मों पर तैनात आरपीएफ स्टाफ की सजगता यात्रियों की सुरक्षा में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आरपीएफ की तत्परता से महिला यात्री की जान बची