सेंसेक्स पर सट्टा, पुलिस ने कर दिया ‘लोअर सर्किट

काकादेव में सट्टेबाजों का खेल खत्म, चार शातिर गिरफ्तार**
कानपुर।
पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत काकादेव पुलिस और क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम ने काकादेव क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर सट्टेबाजों को धर दबोचा है। यह गिरोह बेहद चालाकी से सट्टेबाजी का धंधा चला रहा था। खास बात यह थी कि सट्टेबाज शेयर बाजार के ‘सेंसेक्स’ के अंतिम अंकों पर दांव लगवाते थे। लोगों को सही अंक आने पर 10 रुपये के बदले 90 रुपये देने का लालच देकर जाल में फंसाया जाता था।
पुलिस की सटीक सूचना और रणनीति के तहत की गई छापेमारी में आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल सट्टेबाजी के नेटवर्क को चलाने में किया जा रहा था।
गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने सख्त लहजे में कहा कि सट्टेबाजों और अपराधियों के खिलाफ चल रहा अभियान किसी भी हाल में थमने वाला नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा,
“आने वाले 15 दिनों के भीतर शहर में सट्टेबाजी के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया जाएगा। पुलिस अपराध और अपराधियों के समूल नाश के लिए पूरी तरह संकल्पित है।”
गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
काकादेव जैसे शैक्षिक हब और घनी आबादी वाले क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। एक ओर जहां आम नागरिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट नजर आए, वहीं दूसरी ओर सट्टेबाजों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में क्राइम ब्रांच और काकादेव थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिनकी मुस्तैदी और सूझबूझ से इस बड़े सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश संभव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद