यातायात दुर्घटनाओं में कमी को लेकर समीक्षा बैठक

कानपुर।
पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार द्वारा यातायात भवन में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम के प्रभारी अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए व्यावहारिक और ठोस रणनीति तैयार करना रहा। इस दौरान दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों का विश्लेषण करते हुए चिन्हित बिंदुओं पर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीजी परिपत्र 42/25 में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में कार्यरत सेफलाइफ फाउंडेशन के साथ समन्वय स्थापित कर उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर प्रभावी उपाय लागू करने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना की गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध विवेचना की जाए, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
इस अवसर पर ई-डीएआर और आई-आरएडी प्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन प्रणालियों से संबंधित प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, जिससे दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों का सटीक और समय पर अपलोड किया जा सके।
इसके अतिरिक्त दुर्घटना संभावित स्थलों पर यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से होल्डिंग एरिया के चिन्हीकरण हेतु 18 थाना क्षेत्रों में कुल 20 टीमों का गठन किया गया है। पुलिस उपायुक्त यातायात ने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद