बजट 2026–27 विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक: रमेश अवस्थी

कानपुर।
कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक, दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग—मध्यम वर्ग, किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक और उद्यमियों—की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि बजट में कर राहत के प्रावधानों से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी, जिससे उनकी क्रय शक्ति बढ़ेगी और घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं रोजगार सृजन पर विशेष जोर देकर युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स, एमएसएमई और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले प्रावधान आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को और सशक्त बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। कृषि क्षेत्र में निवेश, आधुनिक तकनीक के उपयोग और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान समाज में समावेशी विकास को सुनिश्चित करेंगे। रमेश अवस्थी ने बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को प्राथमिकता देने की सराहना करते हुए कहा कि सड़क, रेल, शहरी विकास और डिजिटल भारत से जुड़े प्रावधानों से न केवल कानपुर शहर बल्कि पूरे प्रदेश को नई विकास गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं से व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। यह बजट उसी दीर्घकालिक विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। सांसद ने विश्वास जताया कि बजट 2026–27 से देश की अर्थव्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी और भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद