कानपुर। बिठूर थाना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, ड्रोन कैमरा, एलजी टीवी सहित घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार बरामद की है। इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नर के निर्देशन और डीसीपी पश्चिम की निगरानी में अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश राजपूत, आकाश उर्फ ढिल्ला और मनोज कुमार के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से मैनपुरी जनपद के निवासी हैं और वर्तमान में शिवली (कानपुर देहात) में रह रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह दिन के समय लग्जरी स्कोडा कार (संख्या UP 80 CX 7009) से क्षेत्र में रेकी करता था और बंद पड़े घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्त पूर्व में भी मैनपुरी जनपद से जेल जा चुके हैं। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र में अपना ठिकाना बना लिया और वहां से बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना, होरा बांगर समेत कई इलाकों में चोरी की वारदातें कीं। गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पेम ग्राम स्थित मैदा फैक्ट्री पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 18,500 रुपये नकद, पीली और सफेद धातु के भारी मात्रा में आभूषण जिनमें पायल, झुमके, कमरबंद आदि शामिल हैं, बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त ड्रोन कैमरा, टैबलेट, स्मार्ट वॉच, एलपीजी सिलेंडर, नेपाली सिक्के और गैस कटर जैसे चोरी में प्रयुक्त औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई स्कोडा कार और एलजी टीवी भी बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह तकनीकी साधनों का भी इस्तेमाल करता था और ड्रोन कैमरे की मदद से आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता था, ताकि चोरी के दौरान पुलिस या स्थानीय लोगों की भनक न लग सके। बरामद सामान के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं से भी इनके जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में अन्य पीड़ितों की पहचान करने और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
इस सफल कार्रवाई में सर्विलांस एवं स्वाट टीम पश्चिम जोन, कमिश्नरेट कानपुर नगर तथा थाना बिठूर पुलिस की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक विपिन मोरल (प्रभारी स्वाट/सर्विलांस टीम), उप निरीक्षक राम मोहन, हेड कांस्टेबल सैयद मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल संजय, कांस्टेबल धर्मेन्द्र, कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल परशुराम शामिल रहे। वहीं थाना बिठूर पुलिस टीम में उप निरीक्षक सौरभ चतुर्वेदी, उप निरीक्षक सौरभ प्रताप सिंह, उप निरीक्षक रजनीश पाल, उप निरीक्षक अभिषेक भदौरिया, उप निरीक्षक अंशुल कुमार, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार और कांस्टेबल दर्शन गौतम की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर बड़ा प्रहार बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
बिठूर पुलिस व स्वाट टीम ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन सगे भाई गिरफ्तार