कानपुर।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने गुरुवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए चल रही ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और आने वाले दिनों की चुनौतियों को देखते हुए रेलवे अधिकारियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक से लेकर सिटी साइड तक पूरे स्टेशन परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि आगामी दिनों में कानपुर में कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित होने वाली हैं, जिसके कारण परीक्षार्थियों की भारी भीड़ स्टेशन पर उमड़ने की संभावना है। ऐसे में परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि उन्हें प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
डीआरएम ने स्टेशन पर बने होल्डिंग एरिया के बेहतर संचालन के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता पर रखते हुए यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जाए, जिससे अव्यवस्था की स्थिति न बने।
इसके साथ ही डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि माघ मेले के अभी दो प्रमुख स्नान शेष हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता, प्लेटफॉर्म की स्थिति और स्टेशन के सुरक्षा इंतजामों की भी बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर सफाई व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता और पर्याप्त रोशनी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो, इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।
स्टेशन परिसर का निरीक्षण पूरा करने के बाद डीआरएम ने वीआईपी लाउंज में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रयागराज आरपीएफ कमांडर विजय प्रकाश पंडित, स्टेशन डायरेक्टर आशुतोष सिंह, स्टेशन मास्टर अवधेश त्रिवेदी, आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कानपुर सेंट्रल की व्यवस्थाएं परखने पहुंचे डीआरएम रजनीश अग्रवाल, परीक्षाओं और माघ मेले को लेकर दिए विशेष निर्देश