कानपुर।
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026) को जनपद कानपुर नगर में जीरो फैटेलिटी माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और सुरक्षित यात्रा के प्रति जनपदवासियों को जागरूक करने हेतु स्काउट एंड गाइड भवन एवं एस.एन. सेन पीजी कॉलेज, कानपुर नगर में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस गोष्ठी में स्काउट एंड गाइड तथा एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें सुरक्षित यातायात के महत्व, दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और युवाओं की इसमें अहम भूमिका है।
गोष्ठी के उपरांत स्काउट एंड गाइड तथा एनसीसी के छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यात्रा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक पैदल मार्च का आयोजन किया गया। पैदल मार्च के दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर और पेम्पलेट के माध्यम से आमजन को दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति द्वारा अनिवार्य रूप से हेल्मेट पहनने, दोपहिया वाहन चालकों को छोड़कर अन्य सभी वाहन चालकों एवं यात्रियों द्वारा सीटबेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, रॉन्ग साइड तथा तेज गति से वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। साथ ही यातायात नियमों की उपयोगी जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर राकेन्द्र कुमार, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, कानपुर; राहुल श्रीवास्तव, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), कानपुर; डॉ. स्मित तिवारी, जिला आयुक्त, स्काउट एंड गाइड, कानपुर नगर; कहकशां खातून, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), कानपुर नगर; दीपक सिंह, यात्री/मालकर अधिकारी, कानपुर नगर; मयंक शर्मा, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, कानपुर नगर; सर्वेश तिवारी, जिला सचिव, स्काउट एंड गाइड, कानपुर नगर; डॉ. सुमन, प्रधानाचार्य, एस.एन. सेन पीजी कॉलेज, कानपुर नगर सहित प्रीती तिवारी, कौशल राय, कौशल विश्वकर्मा, ऋषिका मिश्रा, अल्का द्विवेदी, रविन्द्र कुमार, सभा शंकर, लवली तिवारी एवं डॉ. शेख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं आयोजकों ने अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए, तभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत गोष्ठी एवं जागरूकता पैदल मार्च का आयोजन