दलहन रोड पर तड़के क्राइम ब्रांच व रावतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो आरोपी फरार
कानपुर। शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रावतपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच को गुरुवार तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी। दलहन रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने शातिर लुटेरे नियाज अहमद उर्फ छुटकन को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध बदमाश मोटरसाइकिल से दलहन रोड की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और रावतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया, तो संदिग्धों ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी। खुद को घिरता देख मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मोटरसाइकिल से गिर पड़ा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल बदमाश को मौके पर ही घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान नियाज अहमद उर्फ छुटकन निवासी जनपद गोंडा के रूप में हुई है। फरार आरोपियों की पहचान विजय और एक अन्य युवक के रूप में बताई जा रही है।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए कल्याणपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी नियाज ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बीती 8 जनवरी को रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम इलाके में सरेराह एक बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस काफी समय से इन लुटेरों की तलाश में दबिश दे रही थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस तथा लूट की रकम में से 4500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
रावतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।