कानपुर। कल्याणपुर थाना पुलिस ने सरिया चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई लगभग 30 क्विंटल सरिया बरामद की है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह का खुलासा हुआ है।
घटनाक्रम के अनुसार, बीती 12 जनवरी को पीड़ित मनोज कुमार जैन ने थाना कल्याणपुर में तहरीर देकर बताया था कि जब वह सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ था और दुकान के अंदर रखी भारी मात्रा में सरिया गायब थी। इस सनसनीखेज चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना रनिया क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आयुष शुक्ला, रवि गुप्ता और अखिलेश गुप्ता के रूप में हुई है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई लगभग 30 क्विंटल सरिया बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी किया गया शेष माल कहां खपाया गया है और इस गिरोह ने अब तक कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्तों को रनिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके पास से 30 क्विंटल सरिया बरामद की गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सरिया चोरी करने वाले शातिर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 30 क्विंटल सरिया बरामद