काकादेव में ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध मौत, युवक-युवती शव छोड़कर फरार

कानपुर—काकादेव थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। निजी अस्पताल के बाहर युवक और युवती ट्रांसपोर्टर का शव छोड़कर फरार हो गए। मृतक की कार भी अस्पताल के बाहर खड़ी मिली, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनीष यादव, निवासी यूपीएसआईडीसी रनियां जैनपुर, कानपुर देहात के रूप में हुई है। मनीष यादव पेशे से ट्रांसपोर्टर थे और जैनपुर में उनका ट्रांसपोर्ट का काम था। परिवार में पत्नी अनामिका, बेटी पायल तथा बेटे करन और अर्जुन हैं।मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार यादव ने बताया कि रविवार शाम मनीष, चित्रकूट जाने की बात कहकर अपनी कार से घर से निकले थे। सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे मनीष के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से किसी युवती का फोन आया, जिसने बताया कि मनीष की हालत गंभीर है और उन्हें रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ ही देर बाद एक अन्य नंबर से एक युवक ने भी यही जानकारी देते हुए परिजनों को जल्द पहुंचने के लिए कहा।
परिजन जब रीजेंसी अस्पताल पहुंचे तो वहां एंबुलेंस में मनीष का शव रखा मिला, जबकि उनकी कार अस्पताल के बाहर खड़ी थी। परिजनों ने जब अस्पताल के गार्ड से जानकारी की तो बताया गया कि एक युवक और युवती मनीष को लेकर अस्पताल आए थे, लेकिन उसके बाद दोनों कहां चले गए, इसकी कोई जानकारी नहीं है।सूचना मिलने पर काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक युवक और युवती मनीष को अस्पताल लाते हुए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि मनीष के दोनों मोबाइल फोन कार में ही स्विच ऑफ मिले हैं, साथ ही उनके बैंक खाते से संदिग्ध लेन-देन (ट्रांजेक्शन) भी हुआ है।काकादेव थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक-युवती की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है और परिजन मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद