कानपुर—अमर शहीद बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित हमारे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गौरवमयी 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी द्वारा विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को कानपुर के हृदय स्थल कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पीएसी ब्रास बैंड द्वारा भव्य देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सेनानायक बी.बी. चौरसिया के कुशल निर्देशन में हुआ। जैसे ही पीएसी ब्रास बैंड के जवानों ने ‘वंदे मातरम्’ की धुन छेड़ी, पूरा स्टेशन परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। यात्रियों के कदम ठिठक गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंच के आसपास एकत्र होकर देशभक्ति के तरानों को मंत्रमुग्ध होकर सुनने लगे।
बैंड द्वारा एक के बाद एक कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने वहां मौजूद हर नागरिक के भीतर गौरव, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत कर दिया। प्रस्तुति के दौरान स्टेशन परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर वातावरण तब और अधिक ऊर्जावान हो गया जब आम जनमानस ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों का स्मरण कराना रहा। कार्यक्रम में मौजूद यात्रियों और शहरवासियों ने पीएसी ब्रास बैंड की उत्कृष्ट कला, अनुशासन और उत्तर प्रदेश पुलिस के इस अनूठे प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की। विभागीय योजना के अनुसार यह विशेष अभियान 19 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गणतंत्र दिवस से पूर्व पूरे शहर को देशभक्ति के माहौल से जोड़ने और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कानपुर सेंट्रल पर पीएसी ब्रास बैंड की देशभक्ति प्रस्तुति, ‘वंदे मातरम्’ से गूंजा स्टेशन परिसर