नकली शराब से लेकर पॉक्सो केस तक, शातिर मोनी बर्रा पुलिस के शिकंजे में

कानपुर।
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साउथ जोन की बर्रा थाना पुलिस ने गैर-जमानती वारंट में फरार चल रहे शातिर अपराधी और गैंगस्टर आकांक्षु दीक्षित उर्फ मोनी को जनपद फतेहपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही अपराध जगत में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस कमिश्नर श्री रघुवीर लाल के निर्देश पर डीसीपी साउथ एवं एसीपी के आदेशों के अनुपालन में बर्रा थाना प्रभारी रविन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि फरार चल रहा आरोपी आकांक्षु दीक्षित उर्फ मोनी फतेहपुर जनपद के अमौली क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद बर्रा पुलिस ने फतेहपुर पुलिस के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकांक्षु दीक्षित उर्फ मोनी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और गंभीर रहा है। वह पूर्व में नकली शराब के निर्माण और अवैध बिक्री जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुका है। हाल ही में उसके विरुद्ध धोखाधड़ी के एक मामले में न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। बर्रा पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ फतेहपुर जनपद में उसकी भाभी और भतीजी द्वारा गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस प्रकरण में मारपीट, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट जैसी अत्यंत गंभीर धाराएं शामिल हैं। इन आरोपों के चलते आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य मामलों में संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली शराब के कारोबार से जुड़े किन-किन लोगों के साथ उसके संबंध रहे हैं।
बर्रा पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल व्याप्त है, जबकि आमजन में पुलिस की सक्रियता और सख्ती को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद