कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 में शुरू हुई पहले ट्रैक-बीम की ढलाई

कानपुर।
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) के एलिवेटेड सेक्शन में पहले ट्रैक-बीम की कास्टिंग निर्माणाधीन बर्रा-7 मेट्रो स्टेशन पर शुरू कर दी गई है। यह ट्रैक-बीम लगभग 61 मीटर लंबी और 25 मीटर चौड़ी है और इसे दो भागों में कास्ट किया जाएगा।
ट्रैक-बीम मेट्रो प्रणाली की रीढ़ की हड्डी के समान होता है, जो पटरियों को मजबूत और स्थिर आधार प्रदान करता है, ताकि ट्रेन सुरक्षित रूप से चल सके। यह यात्रियों और ट्रेन के वजन को पिलर या स्टेशन संरचना में समान रूप से वितरित करता है और पटरियों के सही लेवल और अलाइनमेंट को लंबे समय तक बनाए रखता है, जिससे यात्रा सुरक्षित और आरामदायक होती है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-2 के सिविल निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) के सफल संचालन के बाद अब तीसरे चरण में कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता सेक्शन पर यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है।
विदित हो कि कॉरिडोर-2 लगभग 8.60 किमी लंबा है, जिसमें से 4.50 किमी एलिवेटेड सेक्शन है। इसे दो हिस्सों में निर्माण किया जा रहा है: पहला, कंपनी बाग चौराहे से सीएसए डिपो रैंप तक; दूसरा, डबल पुलिया रैंप से बर्रा-8 तक। इस सेक्शन में पांच स्टेशन बन रहे हैं – एग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8।
कॉरिडोर-2 में इसके अतिरिक्त 4.10 किमी लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन है, जिसमें तीन स्टेशन (रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया) शामिल हैं और टनलिंग का कार्य प्रगति पर है।
गौरतलब है कि कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) की लगभग 24 किमी लंबी लाइन पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक 16 किमी रूट पर मेट्रो सेवाएं चल रही हैं। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन और कॉरिडोर-2 का सिविल निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद