कानपुर में होगा ‘रन फार राम’ का भव्य आयोजन
कानपुर।
क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर द्वारा शीघ्र ही एक भव्य एवं जनभागीदारी वाला कार्यक्रम ‘रन फार राम’ आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर क्रीड़ा भारती की एक महत्वपूर्ण बैठक सरस्वती ज्ञान मंदिर में संपन्न हुई, जिसमें संगठन की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के साथ आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
बैठक का शुभारंभ पारंपरिक खेल गीत के साथ किया गया, जिसके पश्चात ‘रन फार राम’ कार्यक्रम के आयोजन, उसकी रूपरेखा, उद्देश्य और व्यापक सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष अजीत अग्रवाल ने कानपुर महानगर की जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। वहीं प्रांत मंत्री नीतू कटिहार ने आगामी खेल संवाद कार्यक्रम की जानकारी देते हुए खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
घोषित जिला कार्यकारिणी के अनुसार राजुल खन्ना को क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर का अध्यक्ष तथा श्याम मिश्रा को मंत्री नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त केशव द्विवेदी, आशुतोष सत्यम झा एवं बसंत सक्सेना को उपाध्यक्ष, संजय पाल, राघवेंद्र दीक्षित, संदीप कुमार एवं किशन को सह मंत्री बनाया गया। सुनील सिंह को विभाग संयोजक, सविता को मातृशक्ति प्रमुख तथा कंचन भारती को सह प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं सत्येन्द्र को दिव्यांग प्रमुख, संजीव दीक्षित को दक्षिण जिला संयोजक और नरेंद्र प्रताप सिंह को सह संयोजक बनाया गया।
बैठक में मातृशक्ति प्रमुख डॉ. सुलोचना दीक्षित, वीरेंद्र त्रिपाठी, प्रांत प्रचार प्रमुख वैभव गौड़, नरेंद्र प्रताप सिंह, आशुतोष सत्यम झा, धर्मेंद्र, सविता, कंचन भारती एवं सुमन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के कार्यों को गति देने और खेलों को समाज से जोड़ने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में ‘रन फार राम’ कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही खेलों के माध्यम से समाज में संस्कार, स्वास्थ्य और समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और संस्कारवान समाज का निर्माण करना है, और ‘रन फार राम’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
क्रीड़ा भारती कानपुर महानगर के अध्यक्ष बने राजुल खन्ना, मंत्री श्याम मिश्रा