राष्ट्रीय शर्करा संस्थान में आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

कानपुर।
राष्ट्रीय शर्करा संस्थान, कानपुर एवं मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के संयुक्त समन्वय से संस्थान परिसर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों को समय रहते स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
स्वास्थ्य शिविर में मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम से आए वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा संस्थान कर्मियों की विभिन्न महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं। इनमें ब्लड प्रेशर (बीपी), रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी, फेफड़ों की कार्य क्षमता की जांच (लंग फंक्शन टेस्ट) एवं बोन मिनरल डेंसिटी जैसी आवश्यक स्वास्थ्य जांचें शामिल रहीं। शिविर में बड़ी संख्या में संस्थान कर्मियों ने सहभागिता करते हुए जांच कराई और अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जांच के उपरांत चिकित्सकों ने उपस्थित कर्मियों को उनकी रिपोर्ट के आधार पर परामर्श भी दिया और संभावित बीमारियों के निदान, उपचार एवं रोकथाम के बारे में उपयोगी सुझाव दिए। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रोफेसर सीमा परोहा ने कहा कि संयमित और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर अधिकांश बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर और घातक साबित हो सकता है। समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना, दवाओं का नियमित सेवन करना और डॉक्टरों के निर्देशों का पालन करना ही स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।
गुरुग्राम से आई मेदांता हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपांशु राव, फिजीशियन डॉ. भव्या बंसल सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल रहे। टीम के साथ डिप्टी मैनेजर अनुराग द्विवेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों में विनय कुमार, अनूप कनौजिया, संजय चौहान, डॉ. अशोक कुमार, महेन्द्र कुमार, विवेक प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार पांडे एवं कमलेश कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में मल्लिका द्विवेदी, दयाशंकर मिश्र एवं उमेश चंद्र पांडे का विशेष योगदान रहा। संस्थान प्रशासन ने मेदांता हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में अत्यंत उपयोगी और सराहनीय कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद