गार्ड के वेश में पहुंचे इंस्पेक्टर ने फिल्मी अंदाज में हत्यारोपी को दबोचा, रेलवे ट्रैक पर खत्म हुआ ‘खूनी खेल’

कानपुर।
कानपुर-साउथ जोन के घाटमपुर थाना क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड के आरोपी को आखिरकार पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। खुद को कानून की पहुंच से दूर समझ रहा मुख्य आरोपी सुरेंद्र इस बात से बिल्कुल बेखबर था कि रेलवे ट्रैक के किनारे जिस शख्स को वह मामूली ‘गार्ड’ समझकर अनदेखा कर रहा है, वही असल में घाटमपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार बिष्ट हैं। पुलिस की सूझबूझ और साहसिक रणनीति के चलते फिल्मी अंदाज में आरोपी को रेलवे ट्रैक से ही धर दबोचा गया और उसके ‘खूनी खेल’ का अंत कर दिया गया।
गौरतलब है कि बीते दिनों घाटमपुर क्षेत्र में एक गर्भवती महिला और उसके ढाई साल के मासूम बच्चे की नृशंस हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात ने न केवल पुलिस महकमे को हिला दिया था, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी सुरेंद्र फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन रेलवे ट्रैक के आसपास मिलने की पुख्ता जानकारी मिली। संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए घाटमपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार बिष्ट ने एक अनोखी और जोखिमभरी रणनीति तैयार की। आरोपी को जरा भी भनक न लगे, इसके लिए इंस्पेक्टर ने स्वयं रेलवे गार्ड का भेष धारण किया और ट्रैक के किनारे निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान जैसे ही आरोपी सुरेंद्र रेलवे पटरी के पास संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, पहले से तैनात पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर ली।
खुद को घिरता देख आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन चौकन्ने इंस्पेक्टर और पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। इस साहसिक कार्रवाई के साथ ही इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी का अंत हो गया और पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने इस सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि संवेदनशील मामलों में त्वरित, सटीक और रणनीतिक कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने यह भी स्पष्ट संदेश दिया कि कानपुर कमिश्नरी में अपराध कर भागना किसी भी हाल में संभव नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है और पुलिस की सक्रियता व साहस की खुले तौर पर प्रशंसा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद