शराब पीने से रोकने पर पति ने गर्भवती पत्नी और ढाई साल के बेटे की नृशंस हत्या

घटना स्थल पर चूल्हे पर बना खाना, परात में गूंथा आटा… रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर
कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब की लत में डूबे एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात घाटमपुर थाना क्षेत्र के सर्देपुर गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
मृतका की पहचान रूबी (गर्भवती) और उसके ढाई वर्षीय बेटे लवांश के रूप में हुई है। आरोपी पति सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
खाने से पहले मौत ने घेरा पूरा घर
फोरेंसिक जांच में जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना स्थल पर चूल्हे पर बनी दाल, चावल और सब्जी रखी हुई थी, जबकि पास ही परात में गूंथा हुआ आटा पड़ा था, जिस पर खून के छींटे साफ नजर आ रहे थे। इससे स्पष्ट है कि हत्या खाना खाने से ठीक पहले की गई थी। एक सामान्य घरेलू माहौल कुछ ही पलों में मौत के सन्नाटे में तब्दील हो गया।
शराब की लत बनी खूनी विवाद की वजह
बताया गया कि सर्देपुर निवासी सुरेंद्र यादव खेती-किसानी के साथ-साथ ट्रक ड्राइविंग का काम करता था। वह लंबे समय से शराब का आदी था, जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। रविवार रात भी सुरेंद्र शराब के नशे में घर आया और शराब पीने से मना करने पर पत्नी रूबी से उसका तीखा झगड़ा हुआ।
भाइयों की आंखों के सामने उजड़ा घर
आरोपी के बड़े भाई पप्पू यादव ने बताया कि वह रात में दूध देने गया था, उस समय सुरेंद्र पत्नी से झगड़ा कर रहा था। कुछ देर बाद सुरेंद्र का छोटा भाई राजेश उर्फ राजू मां के लिए सब्जी लेने उसके घर पहुंचा। जैसे ही उसने बरामदे में कदम रखा, वहां रूबी और लवांश के खून से सने शव देखकर उसके होश उड़ गए।
तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हत्या के बाद साले को किया फोन, उगला खौफनाक बयान
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्या के बाद आरोपी सुरेंद्र ने अपने साले को मोबाइल फोन कर कहा—
“अगर मैं तुम्हारी बहन को नहीं मारता, तो वह मुझे मार देती।”
इस बयान ने आरोपी की मानसिक स्थिति और क्रूरता को उजागर कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी शराब का लती था और रोजाना पारिवारिक झगड़े होते थे। इसी विवाद में उसने अपनी गर्भवती पत्नी और मासूम बेटे की हत्या कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी पर टिकी हैं। यह वारदात एक बार फिर घरेलू हिंसा और नशे की भयावह सच्चाई को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद