पूर्व विधायक रघुनंदन भदैरिया की पहल पर मुख्यमंत्री ने दिए तत्काल निर्देश, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
लखनऊ/कानपुर।
कानपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने की दिशा में एक अहम और सराहनीय कदम उठाया गया है। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क और आवागमन संबंधी समस्याओं के समाधान की ओर बढ़ते हुए कैंट विधानसभा क्षेत्र में 10 प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं सुंदरीकरण को स्वीकृति मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
दिनांक 23 नवंबर 2025 को कैंट विधानसभा से जुड़े वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक रघुनंदन भदैरिया ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए कैंट विधानसभा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की आवश्यकता से अवगत कराया।
रघुनंदन भदैरिया ने अपने मांग पत्र में बताया कि उन्होंने पिछले 14 वर्षों में विधायक एवं पूर्व विधायक के रूप में क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए निरंतर जनसेवा की है। उन्होंने कहा कि कैंट क्षेत्र में कई सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, जिससे आम जनता, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 10 महत्वपूर्ण सड़कों के नए निर्माण एवं मौजूदा सड़कों के सुंदरीकरण की मांग रखी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और सुंदरीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि जनता को बेहतर यातायात सुविधा और आधुनिक अधोसंरचना का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री के इस त्वरित और सकारात्मक निर्णय से कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनता में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों के पूरे होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की तस्वीर भी बदलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय जनता की जरूरतों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
पूर्व विधायक रघुनंदन भदैरिया ने कैंट विधानसभा की सम्मानित जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज को क्षेत्र के विकास में अहम योगदान देने, जनहित की बातों को गंभीरता से सुनने और अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कैंट विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
कैंट विधानसभा क्षेत्र को मिली विकास की सौगात: 10 सड़कों का होगा निर्माण एवं सुंदरीकरण