रोडवेज कर्मचारी संघ ने कानपुर मंडल क्षेत्रीय प्रबंधक को फूलमालाएं पहनाकर किया स्वागत, पहल को बताया सराहनीय
कानपुर।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, कानपुर मंडल में शहीदों के सम्मान को लेकर की गई एक सराहनीय और भावनात्मक पहल पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री महेश कुमार को रोडवेज कर्मचारी संघ द्वारा सम्मानित किया गया। शहीद मेजर सलमान का नाम बस टिकटों पर दर्ज कराने की दिशा में किए गए प्रयास को कर्मचारी संघ ने देशभक्ति से प्रेरित एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर रोडवेज कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष मोहम्मद परवेज आलम ने क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार को फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा उनके प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि आमजन में देशप्रेम और जागरूकता को भी प्रोत्साहित करती है।
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिदिन लाखों यात्री रोडवेज बस सेवाओं का उपयोग करते हैं। ऐसे में बस टिकट पर शहीद मेजर सलमान का नाम अंकित होने से उनकी शहादत सदैव स्मरण में बनी रहेगी और यात्रियों को देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहम्मद परवेज आलम के साथ कर्मचारी संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें मोहम्मद रियाज, कन्हैयालाल एवं मोहम्मद अयाज प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी उपस्थित सदस्यों ने इस पहल का एक स्वर में स्वागत करते हुए भविष्य में भी परिवहन निगम द्वारा इसी प्रकार के सकारात्मक एवं प्रेरणादायी कदम उठाए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान समारोह इस बात का प्रतीक है कि परिवहन विभाग न केवल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति प्रतिबद्ध है, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, शहीदों के सम्मान एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को भी समान महत्व दे रहा है।
शहीद मेजर सलमान का नाम टिकट पर दर्ज कराने की पहल पर क्षेत्रीय प्रबंधक का सम्मान