कानपुर—कानपुर कमिश्नरेट के पूर्वी जोन अंतर्गत जाजमऊ थाना क्षेत्र के तड़बगिया इलाके में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। नकाबपोश बदमाशों ने एक ई-रिक्शा को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गनीमत रही कि ई-रिक्शा चालक समेत उसमें सवार चार यात्री बाल-बाल बच गए। गोली ई-रिक्शा की हेडलाइट में जा लगी, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा भी बरामद किया है। फायरिंग की इस वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित की पहचान मोहर्रम अली उर्फ राजू, निवासी अखलाक नगर, गंगाघाट (उन्नाव) के रूप में हुई है। बताया गया कि मोहर्रम अली अपनी मां के साथ तड़बगिया क्षेत्र में रहने वाली अपनी बहन से मिलने आए थे। इसी दौरान रास्ते में उनका ई-रिक्शा निशाना बनाया गया।
मोहर्रम अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि यह घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कल्लूपुरवा निवासी रामशंकर ने अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर उनका ई-रिक्शा रुकवाया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
सूचना पर जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी रामशंकर और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
जाजमऊ में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, ई-रिक्शा पर चली गोली; चालक व चार यात्री सुरक्षित