कानपुर—बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा चौकी अंतर्गत लालपुर गांव में ट्रांसफार्मर चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस वारदात ने न केवल गांव की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से ठप कर दिया है, बल्कि क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लालपुर गांव में स्थापित सरकारी बिजली ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोरों ने रात के समय योजनाबद्ध तरीके से चोरी कर लिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस समय ट्रांसफार्मर चोरी किया गया, उस वक्त उसमें बिजली की सप्लाई चालू थी। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर इतना भारी उपकरण उठा ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
ग्रामीणों के अनुसार, उत्तरीपुरा चौकी क्षेत्र में बीते कुछ समय से आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। ट्रांसफार्मर जैसी बड़ी चोरी यह दर्शाती है कि चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित है। उनका कहना है कि एक तरफ पुलिस गश्त का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर चोर बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
ट्रांसफार्मर चोरी हो जाने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे ग्रामीणों को पानी, मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कार्यों और बच्चों की पढ़ाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने भी बताया कि बिजली न होने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हौर थाना पुलिस और उत्तरीपुरा चौकी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उत्तरीपुरा चौकी क्षेत्र में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए और चोरी हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलवाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो वे आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
बिल्हौर में ट्रांसफार्मर चोरी से मचा हड़कंप, उत्तरीपुरा चौकी की गश्त पर उठे सवाल