175 करोड़ के निवेश से 65 हेक्टेयर में विकसित होगा ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट, 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य
कानपुर। तहसील घाटमपुर क्षेत्र के काटर गांव में प्रस्तावित 35 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में तेजी आ गई है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को सभी कार्य समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सोलर पार्क की स्थापना के लिए अति ऊर्जा स्रोत विभाग के नाम कुल 65.315 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है, जिसे सोलर पार्क विकास कंपनी को लीज पर प्रदान किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण वेदु इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना 175 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित की जा रही है, जिसके लिए इन्वेस्ट यूपी के अंतर्गत एमओयू भी संपादित हो चुका है। निर्माण चरण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिकों को रोजगार मिलेगा, जबकि संचालन के दौरान 1000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।
सोलर पार्क के निर्माण कार्य को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से संबंधित निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और निर्माण एजेंसी का चयन कर लिया गया है। वर्तमान में आवश्यक विभागीय स्वीकृतियां एवं डिस्कॉम स्तर की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न होने दी जाए। उन्होंने सोलर पार्क तक पहुंच के लिए सभी मौसमों में उपयोगी सड़क निर्माण को भी अत्यंत आवश्यक बताया। इस संबंध में ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर वैकल्पिक मार्ग चिन्हित किया गया है।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को सड़क निर्माण का प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सोलर पार्क क्षेत्र में भूमि विकास, आंतरिक अधोसंरचना तथा विद्युत पारेषण तंत्र से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, पीओ नेडा राकेश पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।