चकबंदी रैंकिंग में कानपुर नगर प्रदेश में दूसरे स्थान पर

कानपुर।
जनपद कानपुर नगर ने चकबंदी कार्यों में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। चकबंदी आयुक्त कार्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा शुक्रवार को जारी वर्ष 2025 की रैंकिंग में कानपुर नगर को प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
रैंकिंग के निर्धारण में ग्रामों की धारा 10, 23, 24 एवं 52 के अंतर्गत प्रगति का औसत प्रतिशत, वादों के निस्तारण का औसत प्रतिशत तथा शिकायतों के निस्तारण से संतुष्ट खातेदारों का प्रतिशत प्रमुख आधार रहा। प्रदेश में प्रथम स्थान भदोही को प्राप्त हुआ है, जबकि औरैया, कानपुर देहात एवं बांदा क्रमशः तीसरे, चौथे एवं पांचवें स्थान पर रहे।
रैंकिंग के अनुसार भदोही को 84.23 प्रतिशत, कानपुर नगर को 83.53 प्रतिशत, औरैया को 82.33 प्रतिशत, कानपुर देहात को 81.54 प्रतिशत तथा बांदा को 81.05 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद कानपुर नगर के 42 ग्राम चकबंदी प्रक्रिया के अंतर्गत रहे, जिनमें से दो ग्रामों में धारा 52 की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। शेष 40 ग्रामों में चकबंदी प्रक्रिया प्रगतिमान है।
चकबंदी प्रक्रिया के अंतर्गत कृषकों की बिखरी हुई भूमियों को एकत्र कर उन्हें एक, दो अथवा तीन चक प्रदान किए जाते हैं। प्रत्येक चक में सिंचाई हेतु नालियां, आवागमन के लिए चकमार्ग, गांव में चौड़ा सेक्टर मार्ग, साथ ही आबादी विस्तार, खेल मैदान, प्राथमिक पाठशाला, जल निकासी, पार्क एवं आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भूमि सुरक्षित की जाती है। यह भूमि सामान्यतः लगभग पांच प्रतिशत कटौती के आधार पर प्राप्त की जाती है।
चकबंदी के दौरान खातेदारों के खातों का विभाजन, विरासत एवं बैनामों का दाखिल-खारिज जैसे कार्य भी गांव स्तर पर ही किए जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि जनपद कानपुर नगर में कुल 1113 राजस्व ग्राम हैं, जिनमें तहसील बिल्हौर के 411, सदर के 269, नरवल के 207 तथा घाटमपुर के 236 ग्राम शामिल हैं। इनमें से 972 ग्रामों में चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चकबंदी किसानों के हितों से सीधे जुड़ी प्रक्रिया है और इसका समयबद्ध व पारदर्शी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निरंतर निगरानी एवं नियमित समीक्षा से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होने की बात कही।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) आशुतोष कुमार दुबे, एसओसी मोहम्मद असलम सहित चकबंदी विभाग की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कार्यों की गति बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद